शिमला: कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू आज हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू आज रविवार को हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे| उनके साथ हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम पद के रूप में शपथ लेंगे| बता दें कि रविवार को दोपहर डेढ़ बजे रिज मैदान पर दोनों नेता शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और कई अन्य नेता शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने कहा,''मैं हिमाचल की जनता का धन्यवाद करती हूं, हर सफलता के पीछे संघर्ष तो करना ही पड़ता है। हम जिस तरह उनके साथ पहले थे आगे भी रहेंगे|
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर ज़िले के नादौन तहसील के सेरा गाँव से ताल्लुक रखने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था| साधारण परिवार में जन्मे सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता रसील सिंह हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला में ड्राइवर थे| सुखविंदर सिंह की मां संसार देवी गृहिणी हैं|
सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने शुरुआती दिनों में छोटा शिमला में दूध बेचते थे| 2003, 2007, 2017 और अब 2022 में वो चौथी बार विधायक बने| सुखविंदर सिंह सुक्खू की शादी 11 जून 1998 को कमलेश ठाकुर से हुई| उनकी दो बेटियां हैं जो दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रही हैं|