श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के घर पर गुरुवार को सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में नेशनल कांफ्रेंस, पीडीपी, पीपुल्स कान्फ्रेंस, JKPM, लेफ्ट पार्टियों के नेताओं ने हिस्सा लिया| बैठक में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी उपस्थित रही। जम्मू-कश्मीर के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों (फारूक अब्दुल्ला उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती) ने अनुच्छेद 370 (Article 370) हटाने के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का संकेत दिया है|
सर्वदलीय बैठक में गठबंधन का एलान किया गया है| इस गठबंधन को पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लेरेशन का नाम दिया है।फारूक अब्दुल्ला ने कहा,'' हमने इस गठबंधन को पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लेरेशन का नाम दिया है।
फारूक अब्दुल्ला ने कहा,''हमारी मांग हैं कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को वो सारे अधिकार दिए जाएं जो हमसे छीने गए हैं। भारत सरकार राज्य के लोगों के उन अधिकारों को लौटाए जो उन्हें 5 अगस्त 2019 से पहले मिलते थे| हम कुछ दिन बाद फिर मुलाकात करेंगे, जिसमें आगे के जो कदम हमें उठाने हैं, वो आपके सामने लाएंगे |
वहीं सर्वदलीय बैठक और गठबंधन के एलान के बाद फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के खिलाफ जम्मू में विरोध प्रदर्शन किया गया। डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती के बीच हुई बैठक के खिलाफ और गुप्कर घोषणा के खिलाफ भी जम्मू में विरोध प्रदर्शन किया।