उन्नाव: उन्नाव में पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सीओ कार्यालय के सामने महिला अधिकारी अमित कुशवाहा (कानपुर ऑर्डिनेंस फैक्टरी की सहायक प्रबंधक) पर उसके भांजे ने तमंचे से (3-4 राउंड फायरिंग ) फायर कर दिया। दो गोलियां सिर और गले में लगने से वह जख्मी हो गईं। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। भाग रहे आरोपी (महिला के भांजे) को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। महिला अधिकारी अमित कुशवाहा को जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन पश्चिम खेड़ा की रहने वाली अमित कुशवाहा कानपुर आईईएफ गन फैक्ट्री में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात हैं। अमित की शादी रायबेरली के थाना खीरो के तुगना गांव के रहने वाले चंद्रभान के साथ हुई थी। चार साल से दम्पति के बीच विवाद चल रहा और रायबरेली न्यायालय में मुकदमा चल रहा है।
पिता स्व. गुुरुचरन कुशवाहा, पुरवा कस्बा स्थित संत मीता साहिब समाधि स्थल के ग्रंथी थे। इससे परिवार के लोग कार्तिक पूर्णिमा पर हर साल दर्शन करने जाते हैं। मंगलवार को अमित अपनी मां विजयलक्ष्मी, भाई विजय, निर्विकार व अन्य लोगों के साथ दो गाड़ियों से दर्शन करने आई थीं।
समाधि स्थल पर दर्शन के बाद अमित कुशवाहा कार में बैठ गई थी और भाई व मां मेले में खरीदारी कर रहे थे। तभी दोपहर करीब 2:30 बजे एक युवक आया और अमित कुशवाहा पर फायर झोंक दिया। दो गोलियां सिर और गले में लगने से वह जख्मी हो गईं। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पिटाई के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। गोली मारने वाला युवक, कानपुर थाना बिल्हौर निवासी गोकुल पुत्र राम किशुन कुशवाहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
उन्नाव के SP दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि,''एक विवाहिता महिला अपने परिवार के साथ जा रही थी कि तभी इसके भांजे ने तमंचे से फायर किया। महिला को घायल अवस्था में अस्पताल ले गए जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया। अभियुक्त को तमंचे के साथ गिरफ़्तार कर लिया है। महिला को 3 गोलियां लगी थीं|