लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि,''हम एक महामारी से लड़ रहे हैं, अतः बीमारी को छुपाएं नहीं। बीमारी को छुपाने से वह समाप्त नहीं होती, बल्कि वह विकराल रूप धारण कर लेती है। इसलिए बीमारी को छुपाने से बेहतर है कि जो भी गाइडलाइंस बनाई गई हैं, उनका पालन करें और उपचार कराने हेतु तत्काल आगे आएं।
मुख्यमंत्री ने कहा,''कोविड-19 महामारी में बचाव सर्वोत्तम उपाय है। अगर किसी को कोविड-19 के लक्षण हैं तो तत्काल जांच कराएं, जांच कराने से डरें नहीं। बीमारी को छिपाने से बीमारी समाप्त नहीं होती, वह विकराल रूप धारण करती है| ध्यान रहे कि हम एक महामारी से लड़ रहे हैं। सरकार हर प्रकार की सुविधा दे रही है। दवाई से लेकर वैक्सीन तक नि:शुल्क प्रदान कर रही है। इसमें भारत सरकार हमारा समर्थन कर रही है। ऐसे में बीमारी छिपाने की बजाय उपचार कराने के लिए आगे आएं|
मुख्यमंत्री ने कहा,''अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। घर के बाहर निकलें तो मास्क जरूर पहनें, दो गज की दूरी का पालन जरूर करें। हर व्यक्ति जब इन कोविड प्रोटोकॉल का पालन करेगा तो यह कार्य एक-एक अमूल्य जीवन को बचाने में बहुत निर्णायक साबित होगा| आदित्यनाथ ने कहा है कि,''मेरी सबसे अपील होगी कि आप जागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा बनें। दूसरों को जागरूक करके कोविड के खिलाफ देश की इस लड़ाई को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने में योगदान दें|
आगरा में मुख्यमंत्री ने कहा,''हम प्रतिदिन 1000 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति कर रहे हैं। प्रदेश में 377 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाने शुरू किए गए हैं। जिसमें से प्रधानमंत्री केयर फंड से 161 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं, 20,000 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्रदेश के अंदर वितरित किए गए हैं|
उन्होंने कहा,''प्रदेश में पिछले 12 दिनों के अंदर कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,06000 कम हुई है। प्रदेश सरकार ने ट्रेस, टेस्ट, एंड ट्रीट की नीति के आधार पर दूसरी लहर पर नियंत्रण स्थापित किया है| प्रदेश में 1.43 करोड़ टीके 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को और 2,65,745 टीके 18-45 वर्ष के लोगों को अभी तक लगाए गए हैं। दूर दराज के केंद्रों की आवश्यकता के लिए हम लोगों ने प्रदेश के अंदर अब तक 20,000 से अधिक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए हैं|