लखनऊ: केंद्र सरकार द्वारा 18 से 44 साल की उम्र के लोगों को मुफ्त टीकाकरण के ऐलान के बाद कोरोना वैक्सीन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ''यू-टर्न'' लिया| अखिलेश यादव ने भी कोरोना वैक्सीन लगवाने का फैसला किया| अखिलेश यादव के कोरोना वैक्सीन लगवाने के फैसले पर पीडब्ल्यूडी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसा है| मौर्य ने कहा कि,''अखिलेश यादव जी वैक्सीन लगवायें स्वागत है परंतु जब तक आप माफ़ी नहीं माँगेंगे तब तक अपमान/हमलों के लिए दोषी हैं
केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा है कि, श्री अखिलेश यादव जी आपने देश के वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों की तपस्या का अपमान किया प्रदेश में वैक्सीन लगाने में लगे चिकित्सकों स्वास्थ्य कर्मियों के साथ घटित घटना के भी दोषी हैं वैक्सीन लगवायें स्वागत है परंतु जब तक माफ़ी नहीं माँगेंगे तब तक अपमान/हमलों के लिए दोषी हैं|
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के कोरोना वैक्सीन लगवाने के अगले दिन अखिलेश यादव का कोरोना रोधी टीके के प्रति यू-टर्न देखने को मिला है| उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए कहा कि हम भी टीका लगवाएं|
अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा है कि,''जनाक्रोश को देखते हुए आख़िरकार सरकार ने कोरोना के टीके के राजनीतिकरण की जगह ये घोषणा करी कि वो टीके लगवाएगी। हम भाजपा के टीके के ख़िलाफ़ थे पर ‘भारत सरकार’ के टीके का स्वागत करते हुए हम भी टीका लगवाएंगे व टीके की कमी से जो लोग लगवा नहीं सके थे उनसे भी लगवाने की अपील करते हैं।
कल यानी सोमवार को मुलायम सिंह के टीका लगवाने की फोटो वायरल होते ही बीजेपी यूपी की तरफ से तंज कसते हुए कहा गया कि अगर अखिलेश यादव की मानें तो समाजवादी पार्टी के संस्थापक श्री मुलायम सिंह यादव जी ने 'भाजपा' की वैक्सीन लगवा ली। अब वो भाजपा का प्रचार कर रहे हैं या अपने पुत्र द्वारा फैलाए गए भ्रम को तोड़ रहे हैं... ये आप तय कर लीजिए! हां, वैक्सीन जरूर लगवाइए! पीडब्ल्यूडी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी स्वदेशी वैक्सीन लगवाने के लिए आपका धन्यवाद। आपके द्वारा वैक्सीन लगवाना इस बात का प्रमाण है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश जी द्वारा वैक्सीन को लेकर अफवाह फैलाई गयी थी। इसके लिएअखिलेश जी को माफ़ी मांगनी चाहिए।
बताते चलें,''सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वैक्सीन को बीजेपी का टीका कहकर नहीं लगवाने की बात कही थी। हालांकि, कुछ समय बाद अखिलेश यादव ने अपना बयान वापस लेते हुए कहा था कि वो पूर्ण परीक्षण होने के बाद कोरोना का टीका लगवाएंगे। जनवरी के पहले हफ्ते में उन्होंने कहा था,''मैं तो नहीं लगवाऊंगा अभी टीका, मैंने अपनी बात कह दी| वह भी भाजपा लगायेगी, उसका भरोसा करूं मैं... अरे जाओ भई, अपनी सरकार आयेगी तो सबको फ्री वैक्सीन लगेगी| हम भाजपा का टीका नहीं लगवा सकते हैं|