लखनऊ: UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है| स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। योगी आदित्यनाथ के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने आज ही मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य और अन्य नेताओं का अपनी पार्टी में स्वागत किया।
अखिलेश ने मौर्य का स्वागत करते हुए किया ट्वीट
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा, ''सामाजिक न्याय और समता-समानता की लड़ाई लड़ने वाले नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और उनके साथ आने वाले अन्य सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत है... सामाजिक न्याय का इंकलाब होगा-बाइस में बदलाव होगा।''
मौर्य का उत्तर प्रदेश कैबिनेट से इस्तीफा
इससे पहले उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने पिछड़ों, किसानों, बेरोजगार, नौजवानों और छोटे-लघु एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की घोर उपेक्षात्मक रवैए को इस्तीफे की वजह बताया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि, मेरी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। मैंने सामाजिक न्याय के लिए लगातार संघर्ष किया है। आगे भी करता रहूंगा। मुझे जहां भी सामाजिक न्याय साकार होता दिखेगा, मैं वहीं रहूंगा।
मौर्य ने लिखा, 'माननीय राज्यपाल जी, राज भवन, लखनऊ,उत्तर प्रदेश। महोदय, माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में श्रम एवं सेवायोजन व समन्वय मंत्री के रूप में विपरीत परिस्थितियों व विचारधारा में रहकर भी बहुत ही मनोयोग के साथ उत्तरदायित्व का निर्वहन किया है किंतु दलितों, पिछड़ों, किसानों बेरोजगार नौजवानों एवं छोटे- लघु एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की घोर उपेक्षात्मक रवैये के कारण उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल से मैं इस्तीफा देता हूं।'