बस्ती: बस्ती के थाना पुरानी बस्ती पुलिस द्वारा आज मंगलवार को दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुरानी बस्ती की रहने वाली एक युवती ने रसूलनगर मोहल्ला निवासी 27 वर्षीय मो. सलमान पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
थाना पुरानी बस्ती पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने कहा कि,' सलमान से उसके पिछले 8 साल से संबंध थे। शादी का झांसा देकर वह उसके साथ पिछले 8 साल से दुष्कर्म कर रहा था। जब भी वह शादी की बात करती युवक किसी न किसी बहाने उसे टाल देता था। जब उसे अपने साथ धोखा होने का एहसास हुआ तो उसने उससे और उसके परिवार वालों से बात की।
युवती ने आगे कहा कि,'सलमान पहले उसे शादी का झांसा देता रहा, लेकिन जब उसने दबाव बनाया और बात उसके परिवार वालों तक पहुंची तो वह शादी की बात से मुकर गया। युवती का आरोप है कि सलमान के परिवार वालों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी | इसके बाद युवती पुरानी बस्ती थाने पहुंची और आपबीती बताते हुए आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय की मांग की.
पीडित युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार के 4 अन्य सदस्यों के खिलाफ बलात्कार और जान से मारने की धमकी देने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया था। आज मंगलवार को पुलिस ने बताया कि वांछित अभियुक्त सलमान को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही कर उसे न्यायालय के लिए रवाना किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।