भोपाल: मध्य प्रदेश के बालाघाट और मंडला की राशन दुकानों से कोरोना काल में घटिया चावल बांटे जाने का खुलासा होने के बाद कई जिलों के गोदामों में हजारों मीट्रिक टन घटिया स्तर का चावल जमा होने की बात सामने आई है। कांग्रेस ने इससे जुड़े लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।घटिया चावल बांटे जाने का खुलासा होने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर तीखा हमला बोला और सवाल उठाया| उन्होंने कहा कि यह चावल घोटाला सिर्फ बालाघाट और मंडला तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसके तार पूरे राज्य में फैले हुए हैं... इसलिए मामले की जांच सीबीआई से होनी चाहिए|
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि,'' शिवराज सरकार में ये क्या हो रहा है ? प्रदेश में कही चावल घोटाला, कही गेहूं में मिलावट, कही यूरिया वितरण में फ़र्ज़ीवाडा ? सार्वजनिक वितरण प्रणाली से ग़रीबों को बटने वाला चावल पोल्ट्री ग्रेड का होने का मामला सिर्फ़ बालाघाट व मंडला तक ही सीमित नहीं है..इसके तार पूरे प्रदेश से जुड़े होने का अंदेशा है ,यह एक बड़े घोटाले के रूप में सामने आ रहा है , इसमें बड़ी मिलीभगत की बात भी सामने आ रही है। पूरे प्रदेश में ग़रीबों को बटने वाले चावल व अन्य राशन सामग्री की भी जाँच होना चाहिये। पूर्व में भी इसमें मिलावट के मामले सामने आ चुके है।
कमलनाथ ने कहा कि,''सरकार यह पूरा मामला सीबीआई को सौंपे क्योंकि ये जनहित से जुड़ा मुद्दा है। इसकी प्रदेश स्तर तक निष्पक्ष जाँच हो , इसके किसी भी दोषी को बख़्श?? नहीं जाये। ऐसा लग रहा है कि सरकार जाँच के पूर्व ही इस घोटाले को दबाने में व डाईवर्ट करने में लग गयी है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि,''कोरोना के प्रोटोकाल व नियम क्या सिर्फ़ आमजन के लिये है , विपक्षी दलो के लिये है , अपने हक़ की लड़ाई लड़ने वालों के लिये है , क्या सत्ताधारी भाजपा को इसका उल्लंघन करने की पूरी छूट है ? मंडी कर्मियों द्वारा वल्लभ भवन पर प्रदर्शन को लेकर महिलाओं तक पर बर्बर तरीक़े से लाठीचार्ज किया गया , कई लोगों पर प्रकरण दर्ज किये गये और वही भाजपा के प्रदेश भर में भीड़ भरे आयोजन निरंतर बेरोकटोक जारी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी प्रकरण दर्ज किये जा रहे है , वही भाजपा को हर चीज़ की पूरी खुली छूट है। नियम सभी के लिये एक जैसे होना चाहिये लेकिन शिवराज सरकार में भेदभावपूर्ण दमन का खेल जारी है। जनता यह सब खुली आँखो से देख रही है।