आईसीसी विश्व कप सेमीफाइनल 1: विराट कोहली मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 50 एकदिवसीय शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों ने जश्न मनाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विराट कोहली को उनके 50वें वनडे शतक पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, "विराट कोहली ने न केवल अपना 50वां एकदिवसीय शतक बनाया है, बल्कि उत्कृष्टता और दृढ़ता की भावना का भी उदाहरण दिया है जो सर्वोत्तम खेल कौशल को परिभाषित करता है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि उनके स्थायी समर्पण और असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मानदंड स्थापित करते रहें।"
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले सेमीफाइनल मैच में विराट कोहली के 50वें वनडे शतक पर उनके कोच राज कुमार शर्मा ने कहा, "यह मेरे और पूरे देश के लिए बहुत गर्व का क्षण है। हर कोई उनके लिए बहुत खुश और उत्साहित है। जैसा कि एक कोच, मुझे वास्तव में उस पर गर्व है कि उसने अद्भुत प्रदर्शन किया है। मैं बस उसे शुभकामनाएं देना चाहता हूं कि वह अपना फॉर्म इसी तरह जारी रखे।"
भारत ने मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 397 रन बनाए। विराट कोहली ने भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच सेमीफइनल मुकाबले में धमाकेदार शतक जड़ कर वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा 49 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया| उन्होंने 279वीं पारी में अपने वनडे करियर का 50वां शतक लगाया। अब वह वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली ने 113 गेंद में 117 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और दो छक्के लगाए।
बता दें कि,' सचिन तेंदुलकर ने अपने वनडे करियर में 463 मैच में 18426 रन बनाए थे जिसमें उनके नाम 49 वनडे शतक दर्ज थे|