नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक पालतु कुत्ते के भौंकने के बाद एक व्यक्ति (पड़ोसी) ने उस कुत्ते और उसके मालिक पर लोहे की रॉड से हमला किया जिसमें उस परिवार के एक महिला समेत 3 लोग घायल हुए। घटना पीड़ित के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है| घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में भी तेजी से वायरल हो रहा है|
कुत्ते के मालिक का कहना है कि उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है, अभी FIR दर्ज नहीं हुई है। घायलों का इलाज जारी है।
दिल्ली पुलिस ने कहा,''रक्षित (कुत्ते के मालिक) के बयान पर पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस थाने में IPC की विभिन्न धाराओं और पशु क्रूरता रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जारी है|
पुलिस के मुताबिक पीड़ित के पड़ोस में रहने वाला आरोपी धर्मवीर सिंह धय्या उर्फ फौजी गली में घूम रहा था| तभी पालतू कुत्ता भौकने लगा, जिसके बाद धर्मवीर पालतू कुत्ते के पास आकर खड़ा हो गया और अचानक ही उसने पालतू कुत्ते की पूंछ पकड़ कर उसे जमीन पर पटक दिया|
जब कुत्ते के मालिक रक्षित (25) ने यह देखा, तो उसने तुरंत हस्तक्षेप किया, जिससे आरोपी धर्मवीर दहिया और पालतू जानवर के मालिक के बीच मामूली हाथापाई हुई। इस हाथापाई के दौरान कुत्ते ने दहिया को भी काट लिया।