मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में 27 जून को हुई डकैती के मामले में लुटेरों को पकड़ने गए शहर कोतवाली निरीक्षक अमित सोनी पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए| उन्हें फौरन निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया| जहां हुए ऑपरेशन के बाद उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।
जिले के दलौदा गांव में 27 जून को हुई डकैती के मामले में मंदसौर कोतवाली टीआई अमित सोनी रविवार को गरोठ थाना इलाके के बरखेड़ा गंगासा गांव में दबिश देने पहुंचे थे| इसी दौरान लुटेरों ने टीआई अमित सोनी के पेट में छुरा घोंप दिया| गंभीर हालत में टीआई अमित सोनी को मंदसौर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां सुबह उनका ऑपरेशन हुआ, फिलहाल टीआई खतरे से बाहर हैं|
बताया जा रहा है,''कोतवाली टीआई अमित सोनी ने एक आरोपी पकड़ लिया, जिसके बाद उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। फिर पीछे से आए कुछ लोगों ने अमित सोनी पर हमला कर दिया। इस दौरान एक आरोपी ने उन पर चाकू से हमला भी कर दिया। पेट में चाकू लगने के बाद घायल सोनी को टीम ने एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। यहां ऑपरेशन के बाद उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 27 जून को दलोदा में मालवा आयरन ट्रेडर्स नाम की दुकान पर लूट हुई थी। यहां 2 बदमाशों ने चाकू की नोक पर 2 लाख की लूट की थी। 5 दिनों की जांच के बाद पुलिस को आरोपियों की सूचना मिली। जिसके बाद रविवार को गरोठ और कोतवाली TI ने पुलिस बल के साथ गरोठ के गंगासा गांव में दबिश दी थी।
मंदसौर के SP अनुराग सुजानिया ने बताया,''मंदसौर कोतवाली टीआई अमित सोनी दलौदा गांव में 27 जून को हुई डकैती के मामले में आरोपित को पकड़ने के लिए अपनी टीम के साथ गरोठ इलाके में पहुंचे थे और उसी दौरान लुटेरों द्वारा उन्हें छुरा घोंपा गया जिसके कारण वो घायल हो गए थे...उनका इलाज हो रहा है और आरोपियों की तलाश जारी है|