Bharat Jodo Yatra Day 88: कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” 88वें दिन रविवार रात को मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर गई है| कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस शासित प्रदेश राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश कर गई। झालावाड़ के चवली चौक पर राहुल गांधी समेत भारत यात्रियों का पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति मे भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा को तिरंगा सौंपा| इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया| इस दौरान CM अशोक गहलोत और सचिन पायलट समेत कई नेता मौजूद रहे|
राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा,''वीरों की पावन धरती, जहां एक समृद्ध इतिहास और गौरवशाली संस्कृति का निवास है - राजस्थान को मेरा अभिनन्दन। खम्मा-घणी राजस्थान।
राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित कांग्रेस के अन्य नेता शाम को ही मध्य प्रदेश की सीमा पर पहुंच गए थे। राहुल गांधी के राजस्थान सीमा में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित सरकार के कई मंत्री और बड़े नेताओं ने भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत कर राहुल गांधी की अगवानी की। सभा में सहरिया नृत्य के साथ राहुल गांधी का स्वागत किया गया। इसे दौरान मंच पर आदिवासी लोक नृत्य सहरिया स्वांग पर राहुल गांधी ने अशोक गहलोत, कमल नाथ और सचिन पायलट के साथ थिरके।
कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी ने सभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हर राज्य, शहर और गांव ने यात्रा की खूब मदद की है। हिंदुस्तान की जनता ने यात्रा को खूब प्यार दे रही है। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा और और आरएसएस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन लोगों के दिल से डर निकालना चाहता हूं। मैं उनसे नफरत नहीं करता हूं, लेकिन उन्हें देश में नफरत और डर नहीं फैलाने दूंगा।
राहुल जी ने आजादी के बाद स??से बड़ी कठिन यात्रा शुरू की है: अशोक गहलोत
अशोक गहलोत ने कहा कि,''राहुल जी ने आजादी के बाद सबसे बड़ी कठिन यात्रा शुरू की है, जिस रूप में यात्रा कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई है, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना,आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश होते हुए राजस्थान आई है और जहां-जहां राहुलजी जा रहे हैं,कारवां बढ़ता ही जा रहा है। लोगों का आशीर्वाद, उनका प्रेम, उनका प्यार, उनकी दुआएं राहुल जी के साथ में हैं पूरे देश की.. मैं अपनी ओर से, पूरे प्रदेशवासियों की ओर से राहुल जी का राजस्थान की धरती पर हार्दिक स्वागत करता हूं।
राजस्थान के लोग इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे
अशोक गहलोत ने ट्वीट किया,''BharatJodoYatra के राजस्थान आगमन पर चंवली बॉर्डर पर स्वागत सभा को सम्बोधित किया। राजस्थान में तमाम लोग इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, यात्रा पहुंच चुकी है हमारे बीच में, हर दिन लगातार पलक पांवड़े विछाकर राजस्थान की जनता स्वागत करेगी।
आज 'Bharat JodoYatra' की शाम को मशहूर संगीतकार पं. विश्व मोहन भट्ट व राजस्थानी फोक गायक मामे खान ने संगीतमय बना दिया: कांग्रेस
जब आदिवासी लोक नृत्य सहरिया स्वांग पर थिरक पड़े कदम... Bharat Jodo Yatra ने कुछ यूं वीरों की भूमि राजस्थान में प्रवेश किया:कांग्रेस
'यात्रा' MP प्रवास के दौरान नया इतिहास रचने के बाद राजस्थान प्रवेश
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट में लिखा,''श्री राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान नया इतिहास रचने के बाद आज शाम राजस्थान प्रवेश कर गई। यात्रा में कदम-कदम पर मध्य प्रदेश की जनता ने जो अभूतपूर्व उत्साह दिखाया और पलक-पांवड़े बिछा कर श्री राहुल गांधी का स्वागत किया, उसके लिए मैं प्रदेश के समस्त नागरिकों का हृदय से आभारी हूं। नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो।
झालावाड़ के 'चवली' मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के साथ सीमा साझा करने वाला अंतिम गांव है। यहाँ “भारत जोड़ो यात्रा” के आगमन से पहले ही भव्य स्वागत के लिए स्थानीय ग्रामीणों का सैलाब उमड़ पड़ा है। यहां, पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति, मंच, ढोल-नगाड़ों और डीजे की व्यवस्था की गई थी। पूरे इलाके में अलग-अलग जगहों के पुलिसकर्मियों के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राहुल गांधी के स्वागत के लिए मार्ग के दोनों किनारों पर बड़े बड़े होर्डिंग लगाये गये हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के होर्डिंग और बैनर के अलावा स्थानीय नेताओं के पोस्टर भी लगे हैं। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ से राहुल गांधी की यह यात्रा शुरू हो रही है। यह यात्रा राज्य में 17 दिनों में 500 किमी की दूरी तय करेगी।यह पहला मौका है जब यात्रा ने कांग्रेस शासित राज्य में प्रवेश किया है। रविवार को राहुल गांधी का चवली बॉर्डर पर ही रात्रि विश्राम होगा। सोमवार सुबह 6 बजे यात्रा झालावाड़ शहर के लिए रवाना होगी|
झालावाड़ में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि झालावाड़ जिले की चारों विधानसभा को कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव में जीतेगी और फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने भाजपा की जन आक्रोश यात्रा को लेकर कहा कि इस यात्रा से आमजन पर कोई खास फर्क पड़ने वाला नहीं है। जयपुर की सभा में भी इनके यहां नाम मात्र की भीड़ जुटी थी। जनता अब पूरी तरह इनको समझ चुकी है।