जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में किसानों के साथ बजट पूर्व बैठक की। उन्होंने कहा, "अब हर साल किसानों का बजट अलग पेश किया जाएगा। इससे किसानों में जागरूकता आएगी कि सरकार किसानों का अलग बजट पेश कर रही है तो हम (किसान) उनको नए-नए सुझाव दें।इससे हम और आगे बढ़ेंगे।" मुख्यमंत्री ने कहा, "'' लोकतंत्र में सरकार की आलोचना होती है उनकी कमी बताई जाती है, हम उनका स्वागत करते हैं। हम भाजपा वालों की तरह नहीं है कि आलोचना को बर्दाश्त ना करें|''
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किसानों, पशुपालकों, डेयरी संघों के पदाधिकारियों तथा जनजातीय क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व संवाद को संबोधित किया।उन्होंने कहा, " एक लोकतांत्रिक सरकार के लिए आमजन के सुझाव महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार सभी उपयोगी सुझावों को कृषि बजट में सम्मिलित करने का पूरा प्रयास करेगी।
प्रतिवर्ष कृषि के लिए अलग से बजट प्रस्तुत किया जाएगा ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ दिया जा सके। कृषि, पशुपालन एवं इससे जुड़े क्षेत्र राज्य की जीडीपी एवं अर्थव्यवस्था की धुरी है। राज्य सरकार इस बार के बजट के माध्यम से प्रदेश के किसानों तथा पशुपालकों की समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आवश्यक प्रावधान करने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है।