जालौर: राजस्थान के जालौर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया है| जालौर जिले के आहोर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग -325 पर ग्रेनाइट से भरे ट्रेलर से कार टकरा गई। इस हादसे ???ें कार में सवार पांच युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा| सैकड़ों की संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई|| मृतकों के परिजन इस मामले में मुआवजे देने और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं| पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हैं|
जानकारी के अनुसार,राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 325 पर आहोर थाना क्षेत्र के चरली गांव के पास सोमवार देर रात एक कार आगे चल रहे ग्रेनाइट से भरे ट्रेलर में घुस गई| हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई| घटना की जानकारी मिलने पर जिला कलेक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे|
कार में सवार चरली निवासी कमलेश प्रजापत, छगनलाल प्रजापत, रामलाल प्रजापत, दिनेश प्रजापत और मानाराम सरगरा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि,''ट्रेलर का टायर फटने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा किया था। उसका टायर बदलने की तैयारी की जा रही थी। लेकिन इस दौरान चरली गांव की ओर से आ रही एक कार इस ट्रेलर में जा घुसी। उसमें बैठै पांच युवकों के सिर चकनाचूर हो गए।
जालौर के SHO निरंजन प्रताप सिंह ने बताया,"हमें कल रात एक कार और ट्रेलर के बीच सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी जिसमें 5 लोगों की मृत्यु हुई। हमने ट्रेलर को बरामद किया है और उसके चालक को हिरासत में लिया है। परिवार द्वारा शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी|
CM अशोक गहलोत ने जालोर में आहोर क्षेत्र में चरली गांव के पास हुए वाहन दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।CM ने ट्वीट कर लिखा,'जालोर में आहोर क्षेत्र में चरली गांव के पास हुए सड़क हादसे में 5 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने ट्वीट कर लिखा,'जालोर जिले के आहोर क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।