किन्नौर: स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता 106 वर्षीय श्याम सरन नेगी का शनिवार को किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) में उनके पैतृक स्थान कल्पा में निधन हो गया। नेगी ने तीन दिन पहले प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए डाक मतपत्र के जरिए मतदान किया था। यह जानकारी नेगी के परिजनों ने दी।
स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता 106 वर्षीय श्याम सरन नेगी को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। आज सुबह उनके पैतृक स्थान कल्पा में उनका निधन हो गया। उन्होंने इस दुनिया को छोड़ने से पहले ही अपनी अंतिम इच्छा मतदान करके पूरी की।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने श्याम सरन नेगी के निधन पर शोक जताया है| “ईसीआई ने भी श्री श्याम सरन नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया। EC ने कहा,''हम राष्ट्र के लिए उनकी सेवा के लिए सदा आभारी हैं, ”। चुनाव आयोग ने ट्विटर पर लिखा, "उन्होंने लाखों लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित किया, उनके निधन से पहले ही उन्होंने 2 नवंबर, 2022 को पोस्टल बैलेट के जरिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए मतदान किया।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा,'''स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता, हिमाचल प्रदेश निवासी, श्याम सरन नेगी जी के निधन का समाचार सुनकर दुःखी हूँ। लोकतंत्र के प्रति उनकी अटूट कर्तव्यनिष्ठा का उत्तम उदहारण है कि उन्होंने बीते 2 नवंबर को 34वीं बार अपना मतदान किया था। दिवगंत आत्मा को सादर नमन।
हिमाचल प्रदेश के सीएम ने ट्वीट किया, ''स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता एवं किन्नौर से संबंध रखने वाले श्याम सरन नेगी जी के निधन की खबर सुनकर दुःखी हूं। उन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए 34वीं बार बीते 2 नवंबर को ही विधानसभा चुनाव के लिए अपना पोस्टल वोट डाला, यह याद हमेशा भावुक करेगी। ॐ शांति! ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें।''
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया''आज़ाद भारत के पहले मतदाता, श्याम सरन नेगी जी का निधन एक दुःखद समाचार है। उन्होंने देश को स्वतंत्र आसमान में पहली सांस लेते देखा था, और अपनी आख़िरी सांस तक लोकतंत्र की डोर को थामे रखा। नेगी जी हमें सदा देश के प्रति हमारे दायित्व की याद दिलाएंगे।
हम राष्ट्र के प्रति नेगी जी की सेवा के लिए सदा आभारी हैं: चुनाव आयोग
श्याम सरन नेगी के निधन पर भारत चुनाव आयोग ने ट्वीट कर कहा, "स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र में असाधारण आस्था रखने वाले व्यक्ति थे। चुनाव आयोग ने श्याम सरन नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया। हम राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा के लिए सदा आभारी हैं।"
नेगी जी की कर्तव्यनिष्ठा हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी:प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा,''स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता किन्नौर के श्री श्याम सरन नेगी जी के निधन का दुखद समाचार मिला। श्री श्याम सरन नेगी जी ने इतनी लंबी आयु तक सदैव मतदान करके लोकतंत्र के प्रति कर्तव्य की अद्वितीय मिसाल पेश की। उनकी कर्तव्यनिष्ठा हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें। श्री श्याम सरन नेगी जी के परिजनों एवं प्रियजनों के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं।