लखनऊ: अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और विधायक पल्लवी पटेल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल, विधायक पल्लवी पटेल, सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, महान दल के नेता केशव देव मौर्य और शरद यादव की बेटी व कांग्रेस नेता सुभाषिनी यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पल्लवी पटेल बाबत यह गिरफ्तारी अपना दल संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर हुई।
पल्लवी पटेल के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया कि,''डॉक्टर पल्लवी पटेल और राजमाता कृष्णा पटेल जी को गिरफ़्तार कर लिया गया है| पटेल राजमाता कृष्णा पटेल जी को उनके पति और कमेरों के मसीहा डॉक्टर सोनेलाल पटेल जी की जयंती मनाने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है...
समाजवादी पार्टी ने गिरफ्तारी की निंदा की है| समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया,''BJP सरकार के इशारे पर अपना दल (कमेरावादी) की नेता श्रीमती कृष्णा पटेल जी एवं सिराथू से MLA श्रीमती पल्लवी पटेल जी को स्व. श्री सोनेलाल पटेल जी की जयंती का कार्यक्रम करने से रोकने लिए पुलिस के द्वारा हिरासत में लेने की घटना, निंदनीय! तत्काल दोनों की हो रिहाई।
गिरफ्तारी से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृष्णा पटेल ने अपनी बेटी और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि,''अनुप्रिया की गलती माफी के लायक नहीं है। कृष्णा पटेल ने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद से लगातार उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि,'अपनी ताकत से अनुप्रिया परिवार को परेशान कर रही है| अनुप्रिया खुद आगे बढ़ने के लिए सबको पीछे धकेल रही है|