लखनऊ: यूपी निकाय चुनाव को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) की लखनऊ खंडपीठ ने ओबीसी आरक्षण को रद्द करते हुए शीघ्र चुनाव कराने का निर्देश दिया है। ओबीसी के लिए आरक्षित सभी सीटें अब सामान्य मानी जाएंगी। यूपी निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण रद्द होने पर समाजवादी पार्टी ने यूपी की योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है| समाजवादी पार्टी ने भाजपा को 'ओबीसी और दलित विरोधी' बताया है|दलित-पिछड़े समुदाय को साथ आने का आह्वान करते हुए समाजवादी पार्टी ने कहा कि आज पिछड़ों का आरक्षण खत्म हुआ। कल दलितों का आरक्षण खत्म करेगी भाजपा। संविधान और आरक्षण को बचाने हेतु दलित पिछड़े साथ आएं।
ओबीसी आरक्षण रद्द होने पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि ,'' ये दुर्भाग्य है कि पिछड़ो का हक़ छीना जा रहा है, भाजपा अगर सत्ता में रही तो बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर जी ने जो अधिकार दिए हैं, उन अधिकारों को धीरे धीरे छीन लिया जाएगा। भाजपा आरक्षण विरोधी है, पिछड़ा विरोधी है और दलित विरोधी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि ,''आज आरक्षण विरोधी भाजपा निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण के विषय पर घड़ियाली सहानुभूति दिखा रही है। आज भाजपा ने पिछड़ों के आरक्षण का हक़ छीना है,कल भाजपा बाबा साहब द्वारा दिए गये दलितों का आरक्षण भी छीन लेगी। अखिलेश ने आरक्षण को बचाने की लड़ाई में पिछडों व दलितों से सपा का साथ देने की अपील की है।
भाजपा की हार में, आरक्षण की जीत है
अखिलेश यादव ने ट्वीट किया,''भाजपा हटाओ, आरक्षण बचाओ! दाने बाँटकर खेत लूटने वालों से बचें| भाजपा की हार में, आरक्षण की जीत है।
आरक्षण पाने से भी बड़ा आंदोलन इसे बचाने के लिए करना पड़ेगा: शिवपाल
समाजवादी पार्टी के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ,''उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण की समाप्ति का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। सामाजिक न्याय की लड़ाई को इतनी आसानी से कमजोर होने नहीं दिया जा सकता है। आरक्षण पाने के लिए जितना बड़ा आंदोलन करना पड़ा था, उससे बड़ा आंदोलन इसे बचाने के लिए करना पड़ेगा। कार्यकर्ता तैयार रहें।
ओबीसी मंत्रियों के मुँह पर ताले, केशव मौर्य की स्थिति बंधुआ मज़दूर जैसी: रामगोपाल यादव
समाजवादी पार्टी के महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि ,''निकाय चुनावों में ओबीसी का आरक्षण खतम करने का फ़ैसला दुर्भाग्यपूर्ण। उत्तरप्रदेश सरकार की साज़िश। तथ्य न्यायालय के समक्ष जानबूझकर प्रस्तुत नहीं किए।उत्तर प्रदेश की साठ फ़ीसदी आबादी को आरक्षण से वंचित किया। ओबीसी मंत्रियों के मुँह पर ताले। मौर्या (डिप्टी सीएम केशव मौर्य) की स्थिति बंधुआ मज़दूर जैसी !
आखिर OBC के लोग भाजपा की आरक्षण विरोधी नीति को कब समझेंगे: एसपी मौर्य
समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि ,''नगर निकाय चुनाव अधिसूचना में जानबूझकर की गई अनियमितता के फलस्वरुप पिछड़ी जातियों को आरक्षण से हाथ धोना पड़ा। आखिर पिछड़े वर्ग के ल???ग भाजपा की आरक्षण विरोधी नीति को कब समझेंगे।
अभी तो पिछड़ों पर प्रयोग, आगे एससी/एसटी के आरक्षण खत्म करने की बारी
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि ,''पहले भाजपा की सरकार ने, मध्य प्रदेश के पंचायत चुनाव में पिछड़ो का आरक्षण छीना और अब उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में पिछड़ों का आरक्षण खत्म किया। भाजपा का आरक्षण विरोधी चेहरा फिर उजागर हुआ। अभी तो पिछड़ों पर प्रयोग है, आगे एससी व एसटी के आरक्षण खत्म करने की बारी है।
संविधान विरोधी है भाजपा सरकार: पल्लवी पटेल
सपा विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि ,'मैं पहले भी कहती आई हूं कि ये संविधान विरोधी सरकार है, आज कोर्ट का फैसला मेरी इस बात पर मुहर लगा देता है । वरना 18-18 घंटे काम करने का वायदा करने वाली सरकार 6 महीने पहले आयोग बनाकर ओबीसी आरक्षण को सुनिश्चित नहीं कर सकती थी क्या ?इस फैसले ने ओबीसी हकमारी में एक और अध्याय जोड़ दिया है...
ओबीसी और दलित विरोधी है भाजपा: समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया,' ओबीसी और दलित विरोधी है भाजपा!
-69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाला किया
-जातिगत जनगणना नहीं कराई
- निकाय चुनाव में पिछड़ों का आरक्षण गलत तरीके से किया।
भाजपा सरकार दलितों और पिछड़ों के अधिकारों का कर रही है हनन।
दलित पिछड़े साथ आएं
मिलकर आरक्षण बचाएं
समाजवादी पार्टी ने कहा कि,''भाजपा सरकार ने पिछड़ों को दिया धोखा! भाजपा की बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर के दिए संविधान को ख़त्म करने की साज़िश। निकाय चुनाव में पिछड़ों और दलितों का हक मारने के लिए भाजपा सरकार ने गलत तरीके से किया आरक्षण। पहले पिछड़ों का हो आरक्षण, फ़िर हो चुनाव।