मुरादाबाद: मुरादाबाद जिले के थाना मझोला के अंतर्गत नया मुरादाबाद में महिला कंप्यूटर टीचर का शव बंद घर में फंदे पर लटका मिला है। बंद मकान से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी| सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने कमरा खोला तो युवती का शव लटका हुआ मिला. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक युवती काजल (25) पाकबाड़ा थाना क्षेत्र में कैल्सा रोड स्थित ग्राम देवड़ी वाजिदपुर की रहने वाली थी| वह मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद के सेक्टर-13 में किराए का कमरा लेकर रहती थी। साथ ही बच्चों को कंप्यूटर पढ़ाती थी।
पुलिस के मुताबिक,' 25 वर्षीय काजल नाम की महिला ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव कम से कम 3-4 दिन पुराना है। घर अंदर से लॉक था| मकान से दुर्गंध भी आ रही थी।
सुचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए है| परिजनों का कहना है कि गुरुवार से काजल ने किसी की कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में माना जा रहा है कि गुरुवार को ही काजल की मौत हो गई थी। मृतक काजल की मां के मुताबिक, पिछले 4 दिन से वह लगातार मोबाइल फोन पर बेटी से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। लेकिन बार-बार कॉल करने के बाद भी बेटी की तरफ से फोन रिसीव नहीं हो रहा था।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया, ''थाना मझोला के अंतर्गत नया मुरादाबाद में एक मकान बंद था जिसमें अंदर से बदबू आ रही थी। गेट को खोला गया तो एक महिला का शव मिला। महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मामले में जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है|