पटना: बिहार के पूर्व कृषि मंत्री और वयोवृद्ध समाजवादी नेता नरेंद्र सिंह का लंबी बीमारी के बाद पटना में निधन हो गया| मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है| मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नरेन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह बीते कई दिनों से बीमार चल रहे थे| वो जमुई के भोड़ के रहने वाले थे| सोमवार की सुबह पटना के अपोलो हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली| वे बिहार सरकार में स्वास्थ्य और कृषि मंत्री रह चुके थे| नरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार जमुई के पकरी स्थित किऊल नदी तट पर होगा| उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा|
नरेंद्र सिंह का जन्म 23 नवंबर 1947 को हुआ था| नरेंद्र सिंह पहली बार 1985 में कांग्रेस की टिकट पर चकाई विधानसभा क्षेत्र विधायक चुने गए थे| 1990 में दूसरी बार निर्वाचित होकर लालू प्रसाद की सरकार में पहली बार कैबिनेट मंत्री बनने का अवसर प्राप्त हुआ था|
तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया,'' पूर्व मंत्री समाजवादी नेता श्री नरेंद्र सिंह जी के निधन की खबर से अत्यंत दुःखी हूँ। मुझे हमेशा उनका स्नेह और आशीर्वाद मिलता रहा। वो गलत-सही को कहने से नहीं चुकते थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें व परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। भावभीनी विनम्र श्रद्धांजलि!
जीतन राम मांझी ने ट्वीट कर लिखा है कि मेरे दुख-सुख के साथी बिहार सरकार के पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के निधन की सूचना से स्तब्ध हूं। नरेन्द्र भाई जैसा योद्धा सदियों में जन्म लेतें हैं। आप इतनी जल्दी चले जाओगे ये सोचा नहीं था,आपकी कमी हमेशा खलेगी। श्रधांजलि।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने भी पूर्व मंत्री के निधन पर शोक जताया है। ललन सिंह ने ट्वीट कर लिखा है कि ,''बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्री नरेंद्र बाबू के निधन की खबर दुःखद है। 1974 के जेपी आंदोलन काल से मेरा उनसे व्यक्तिगत संबंध रहा है। भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक-संतप्त परिजनों के लिए संबल की प्रार्थना करता हूं। उनके निधन से बिहार ने एक जमीनी नेता खो दिया है। ॐ शांति