नई दिल्ली: उत्तराखंड विधानसभा में कांग्रेस और विपक्ष की नेता इंदिरा हृदयेश का दिल्ली के उत्तराखंड सदन में निधन हो गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता इंदिरा हृदयेश पार्टी की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली आई हुई थीं। उत्तराखंड भवन में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके शव को हल्द्वानी लाया जा रहा है।
कांग्रेस के प्रदेश इन्चार्च देवेन्द्र यादव ने बताया कि इंदिरा दिल्ली में पार्टी बैठक में हिस्सा लेने के लिए आई थीं। हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हो गई। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने उत्तराखंड की दिग्गज राजनेता इंदिरा हृदयेश के निधन पर शोक जताया है| कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड हरीश रावत, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव, अल्का लांबा, अनिल चौधरी, सरल पटेल समेत कई नेताओं ने डॉ. हृदयेश की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है|
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने इंदिरा हृदयेश के निधन पर दुख जाहिर करते हुए कहा, 'इंदिरा हृदयेश जी का जाना उत्तराखंड, कांग्रेस और राजनीतिक जीवन के लिए एक बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है। वो एक बहुत विदुषी महिला थीं और संसदीय विधाओं की मास्टर थीं। वो ऐसे समय में गई हैं जब कांग्रेस और उत्तराखंड को उनकी सबसे ज़्यादा जरूरत है|
इंदिरा हृदयेश के निधन पर हरीश रावत ने कहा,,''इंदिरा हृदयेश जी नहीं रही, सहसा इस समाचार पर विश्वास नहीं होता, कल तक हम साथ थे, कांग्रेस को उत्तराखंड में कैसे मजबूत किया जाए उसके लिए विचार विमर्श कर रहे थे, कार्य योजना बना रहे थे और अभी-अभी खबर आई है कि क्रूर काल ने इंदिरा हृदयेश जी को हमसे छीन लिया है।
रावत ने कहा,''कांग्रेस की मूर्धन्य नेता, एक अनूठा व्यक्तित्व, संसदीय विधा की मर्मज्ञ, संघर्षरत जनता व शिक्षकों की आवाज, हल्द्वानी व उत्तराखंड की जनता की एक लगनशील सेविका और ??ांग्रेस की शीर्ष नेता इंदिरा हृदयेश जी, उनका जाना हम सबके लिए बहुत दु:खद है, उनके रिक्त स्थान को कोई नहीं भर सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री, इंदिरा हृदयेश जी आप लोगों को हमेशा बहुत याद आएंगी, आपने जो अविस्मरणीय कार्य अपने मंत्रितत्वकाल में किये हैं, जिस तरीके से उत्तर प्रदेश की विधान परिषद हो या शिक्षा जगत हो उसके लिए शिक्षक नेत्री के रूप में किया है, उसे कौन भुला सकता है। ,'हल्द्वानी की विकास की आप माँ हैं, एक विकास की माँ चले गई। कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि किन शब्दों में आपको मैं श्रद्धांजलि अर्पित करूं, किन शब्दों में आपके परिवार को, हम सब भी आपके परिवार हैं, हम एक-दूसरे को संवेदना प्रेषित करें।
भगवान को शायद यही मंजूर था कि आप हमको मझधार में छोड़कर के चले गई। जिस समय कांग्रेस को आपसे मार्गदर्शन की सबसे अधिक आवश्यकता थी, उस समय आपका जाना बहुत कष्ट दे गया। इंदिरा जी आपका आशीर्वाद, हमेशा उत्तराखंड के कांग्रेसजनों के साथ रहेगा इसका मुझे पूरा विश्वास है। मैं, अपने और अपने परिवार की ओर से, अपने कांग्रेस परिवार व अपने उत्तराखंड के भाई-बहनों की ओर से, आपके लाखों प्रशंसकों जिनमें एक मैं भी हूंँ, आपको श्रद्धासुमन अर्पित करता हूंँ। भगवान, आपको अपने श्रीचरणों में स्थान दें। "ॐ शांति, ॐ शांति"
इंदिरा हृदयेश के निधन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया,'उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी की एक मज़बूत कड़ी, डॉ इंदिरा हृदयेश जी के निधन का दुखद समाचार मिला। वे अंत तक जन सेवा एवं कांग्रेस परिवार के लिए कार्यरत रहीं। उनके सामाजिक व राजनीतिक योगदान प्रेरणास्रोत हैं। उनके प्रियजनों को शोक संवेदनाएँ।
कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने ट्वीट किया,''वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश जी के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शांति एवं इस मुश्किल समय में शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,''कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश जी के निधन का दुखद समाचार मिला। आज हमने एक जुझारू नेता, जनप्रिय प्रतिनिधि एवं अभिभावक को खो दिया। ईश्वर उनको श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस दुख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें।