बस्ती: उत्तर प्रदेश के कानपुर से कार चोरी कर पुलिस की वर्दी में भाग रहे कार चोर को बस्ती जिले की पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की वर्दी मे कानपुर से कार चोरी कर भाग रहे दो चोर को जिले की हर्रैया व छावनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया| पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जुटी है| गिरफ्तार आरोपी में एक बर्खास्त सिपाही है|
कानपुर से चोरी कार यूपी 32 एचके 7737 शनिवार को नेशनल हाईवे पर अयोध्या से गोरखपुर की तरफ तेज रफ्तार मे जा रही थी| कानपुर से चोरी हुई कार गोरखपुर की तरफ तेजी से निकलने की सूचना पर अलर्ट हुई बस्ती पुलिस ने हाइवे पर जगह-जगह बैरिकेडिंग करा दी। बस्ती पुलिस से सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स अलर्ट मोड पर नजर आई।
इसी बीच चौकड़ी टोल प्लाजा छावनी पर लगे बैरियर को तोड़ते हुए चोर लाल रंग की कार को लेकर रामजानकी मार्ग की तरफ मुड़ गए। कार चालक (बर्खास्त सिपाही) अपने आप को घिरता देख कार बेलाडे शुक्ल के तरफ मोड़ दिया| हर्रैया पुलिस व छावनी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत मे लिया|
बैरियर को तोड़ते हुए कार लेकर भागते चोर का वीडियो बैरियर के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बैरियर तोड़कर भाग निकले कार सवार के पीछे-पीछे पुलिसवाले भी दौड़ पड़े। इसके बाद छावनी व हर्रैया पुलिस ने रामजानकी मार्ग पर बेलाडे शुक्ल गांव के पास गाड़ी खड़ी कर भाग रहे दोनों आरोपितों को पकड़ लिया और गाड़ी को कब्जे में ले लिया। वाहन समेत दोनों आरोपियों को पुलिस हर्रैया थाने ले आई| अब इस चोर से पूछताछ की जा रही है।
हर्रैया CO के अनुसार, दोनों की पहचान परवेज अहमद निवासी बघौड़ा थाना उरई जनपद जालौन और रिसायत अली निवासी सूर्यनगर कॉलोनी उरई जालौन के रूप में की गई। परवेज अहमद 1995 बैच का सिपाही है, जिसे चार साल पहले बर्खास्त किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि झांसी में तैनाती के दौरान उस पर चोरी का आरोप लगा था। इसी मामले में फरार होने के बाद उसे बर्खास्त किया गया था। पुलिस की वर्दी पहनकर परवेज अहमद ही गाड़ी चला रहा था।
चोरों ने लाल रंग की कार (यूपी 32 एचके 7737 नंबर ) कानपुर से चुराई गई थी। कार की सूचना पर कानपुर पुलिस ने कार को ट्र??स करने की कोशिश की तो पता चला कि यह फोरलेन के रास्ते बाराबंकी- अयोध्या होते हुए गोरखपुर की ओर जा रही है। इसकी (लाल रंग की कार की) सूचना शनिवार सुबह 10:30 बजे बस्ती पुलिस को दी गई| इस सूचना पर बस्ती पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई।
बस्ती में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई। छावनी टोल प्लाजा पर लाल रंग की कार आती दिखी... तो मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार को रोकने की कोशिश की। लेकिन ड्राइविंग सीट पर पुलिस की वर्दी में बैठे शख्स ने कार की रफ्तार और तेज कर दी। कार की रफ्तार देख लोग सामने से हट गए और कार सवार बैरिकेडिंग तोड़ता हुआ आगे निकल गया।
चोर ने फोरलेन से रामजानकी मार्ग पर जाने वाले मार्ग पर मोड़ दिया। बेलाड़े शुक्ल गांव में गाड़ी एक मकान के बगल छोड़ने के बाद कार सवार वर्दीधारी ने अपने कपड़े बदलकर सादे कपड़े पहन लिया। पुलिस टीम को देखकर नहर के बगल झाड़ी में जाकर छुप गए। छावनी व हर्रैया पुलिस ने घेराबंदी कर ग्रामीणों की मदद से दोनों को पकड़ लिया।