फरीदाबाद: फरीदाबाद के सूरजकुंड पाली रोड पर स्थित जंगल में गुरुवार को (24 नवंबर, 2022 को) ट्रॉली बैग में महिला का शव मिलने से सनसनी मच गई है। फरीदाबाद के पास अरावली के जंगल में नीले रंग के ट्रॉली बैग में महिला की लाश मिली है| शव का ऊपरी और नीचे का हिस्सा गायब है। शव करीब एक डेढ़ महीना पुराना लग रहा है क्योंकि शव सड़ चुका है|
शव को प्लास्टिक की थैली और सीमेंट की बोरी में भरकर ट्रॉली बैग में बंद कर फेंका गया है| सूचना मिलने पर सूरजकुंड थाना एसएचओ सहित आसपास के चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और छानबीन की। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और जांच के बाद अवशेषों को मोर्चरी भेज दिया|
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि फरीदाबाद के सूरजकुंड के एक वन क्षेत्र में एक सूटकेस में शव मिला है। शव के ऊपर का हिस्सा गायब है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई है और शव का एक हिस्सा यहां फेंका गया है ताकि उसकी शिनाख्त न हो पाए|
PRO सूबे सिंह ने बताया कि,''शव को प्लास्टिक की थैली और बोरी में लपेटा गया था। सूटकेस के पास से कपड़े और एक बेल्ट बरामद हुई है। आसपास के पूरे वन क्षेत्र को सील कर दिया गया है। आगे की जांच चल रही है|
श्रद्धा हत्याकांड में फरीदाबाद पुलिस ने सूटकेस में शरीर के अंगों के मिलने के बाद दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। इसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अगर दिल्ली पुलिस DNA टेस्ट कराना चाहेगी तो नमूने अलग रखे जाएंगे। दरअसल, पुलिस को आशंका हुई कि ये मानव अवशेष श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड से जुड़े तो नहीं है|