Himachal Vidhan Sabha Chunav 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए मतदान संपन्न हुए। हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले गए। प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में शाम 5:00 बजे तक वोट डाले गए। 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे| हिमाचल में 55 लाख से अधिक मतदाता 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे|
Himachal Election 2022 अपडेट
हिमाचल प्रदेश मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) कार्यालय के संयुक्त निदेशक महेश पठानिया ने कहा कि, “शाम 5 बजे तक लगभग 66% मतदान हुआ। अंत तक यह करीब 72-73 फीसदी हो सकता है। सभी क्षेत्रों में चुनाव शांतिपूर्ण रहा है। मतदान दल पूरी तरह से तैयार थे। हिमाचल प्रदेश के ताशीगंग में 100% मतदान हुआ है|
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान खत्म हो गया है. सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है. नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे|
हिमाचल में भी रिवाज बदलेगा: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, “ हिमाचल में चुनाव का परिणाम तो 8 दिसंबर को आएगा लेकिन पहली बार जैसे उत्तर प्रदेश में 37 साल का रिकॉर्ड बदला और योगी जी दुबारा मुख्यमंत्री बनें वैसे ही हिमाचल में भी रिवाज बदलेगा|
दोपहर तीन बजे तक 55 फीसदी मतदान
हिमाचल में आज दोपहर तीन बजे तक 55 फीसदी मतदान हुआ| शिमला में दोपहर तीन बजे तक 55.56, सोलन 54.14, बिलासपुर 54.14, मंडी 58.90, हमीरपुर 55.60, ऊना 58.11, कांगड़ा 54.21, चंबा 46.00, कुल्लू 58.88 और किन्नौर में 55.30 फीसदी मतदान हुआ है।
BJP के पक्ष में वातावरण..: नड्डा
बिलासपुर में जे.पी. नड्डा ने कहा कि, “हिमाचल प्रदेश की जनता बहुत जागरूक है इसलिए हमेशा यहां अच्छी पोलिंग होती है। मोदी जी के आशीर्वाद से जयराम जी ने जिस तरह से हिमाचल को आगे बढ़ाया है उसको लोग एक बार फिर से मौका देना चाहते हैं। मैं BJP के पक्ष में वातावरण देख रहा हूं|
दोपहर 1 बजे तक 37.19 फीसदी मतदान
हिमाचल प्रदेश में दोपहर 1 बजे तक 37.19 फीसदी मतदान दर्ज़ हुआ। प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में मतदान जारी है। 8 दिसंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। मतदाता चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलीय समेत 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
हिमाचल में 56000 विकलांग मतदाता, 1.93 लाख नए मतदाता जोड़े गए
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि, “पूरे हिमाचल प्रदेश में 157 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी कर रही हैं। हमीरपुर ज़िले में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है ताकि बच्चों के साथ आने वालों को समस्या का सामना ना करना पड़े| इस बार 1.93 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं...यहां हिमाचल में 56,000 विकलांग मतदाता(PWD) हैं। हमने उनके लिए काफी इंतजाम किए हैं। 37 मतदान केंद्र ऐसे हैं जिनका संचालन केवल PWD के कर्मचारी ही कर रहे हैं|
जेपी नड्डा ने परिवार के साथ डाला वोट
हिमाचल विधानसभा चुनवा-2022 के लिए के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा ने बिलासपुर के मतदान केंद्र संख्या-53 विजयपुर में मतदान किया। नड्डा ने कहा कि ,''प्रजातंत्र की दृष्टि से देखा जाए तो आज का दिन त्योहार का दिन होता है जिस दिन जनता अपने मतों का प्रयोग कर अपनी पसंद की सरकार 5 साल के लिए चुनती है। मैं सबसे निवेदन करता हूं कि अधिक से अधिक मतों का प्रयोग करें और प्रजातंत्र को मजबूत बनाए|
11:32 AM, 12-NOV-2022: सुबह 11 बजे तक 17.98 फीसदी मतदान
हिमाचल प्रदेश में सुबह 11 बजे तक 17.98 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं।
कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी
कांग्रेस उम्मीदवार सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर में मतदान किया। उन्होंने कहा, "आज लोकतंत्र के उत्सव का दिन है। मुझे लगता है कि इस बार निश्चित तौर पर कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी क्योंकि लोगों ने कांग्रेस को मतदान किया है।"
रिवाज नहीं बदलेगा, सरकार बदलेगी, परिवर्तन होगा: कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा
विधानसभा चुनाव-2022 के लिए कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ने शिमला के लॉन्गवुड में मतदान किया। उन्होंने कहा, "रिवाज नहीं बदलेगा, सरकार बदलेगी, परिवर्तन होगा। आम आदमी पार्टी को कुछ नहीं मिलेगा, उनका चेहरा सामने आ गया है। वह भाजपा की B टीम है और वोट काटने के लिए हैं।"
सुबह 9 बजे तक 5.02% मतदान
हिमाचल प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 5.02% मतदान हुआ। लाहौल और स्पीति में 1.56% और सिरमौर में 6.26% मतदान हुआ।
प्रेम कुमार धूमल ने परिवार के साथ डाला वोट
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, उनके बेटे और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और उनके परिवार ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया।
ये (कांग्रेस) सिर्फ झूठे वादे करते हैं: अनुराग ठाकुर
हमीरपुर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "कई राज्यों में हमारी सरकार दोबारा बनी इसलिए इस बार भी ऐसा(हिमाचल प्रदेश और गुजरात में) होगा। क्योंकि सुशासन, विकास और जनकल्याण के कई काम हुए हैं| केंद्र और राज्य(हिमाचल प्रदेश) में कांग्रेस की सरकार 10 साल रही। पुरानी पेंशन योजना को हटाने वाले और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली को लागू करने वाली कांग्रेस पार्टी ही थी। ये चाहते तो पहले ही कर लेते। ये सिर्फ झूठे वादे करते हैं|
कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास किया है, आगे भी कांग्रेस ही हिमाचल का विकास बढ़ा सकती है: कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रामपुर के मतदान केंद्र संख्या 83-84 पर मतदान किया। उन्होंने मतदान से पहले शिमला के रामपुर में शनि मंदिर में दर्शन किए। प्रतिभा सिंह ने कहा, "मैं लोगों से यही अनुरोध करूंगी कि आप विकास और काम के नाम पर वोट दीजिए। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास किया है और आगे भी कांग्रेस ही हिमाचल का विकास बढ़ा सकती है|
राज्य की दशा और दिशा बदलने के लिए यह चुनाव हो रहा है: विक्रामादित्य सिंह
रामपुर में कांग्रेस के विधायक विक्रामादित्य सिंह ने कहा, "हिमाचल प्रदेश की जीत होने वाली है और राज्य की दशा और दिशा बदलने के लिए यह चुनाव हो रहा है। यह चुनाव हिमाचल से जुड़ा हुआ और उसके भविष्य का चुनाव है। वर्तमान सरकार ने हर वर्ग के इंसान की आवाज़ को दबाया और अनसुना किया|
कांग्रेस की सरकार बनेगी
विक्रामादित्य सिंह ने कहा,''उपचुनावों में भी यह सरकार (BJP) चारों खाने चित्त हुई है। यह सेमीफाइनल था फाइनल में कांग्रेस की सरकार बनेगी। यह (भाजपा) कोई नहीं होती हिमाचल की संस्कृति और रिवाज को बदलने वाले। यहां की परंपरा और रिवाज जारी थी, है और रहेगी|
हिमाचल के मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मतदान किया
हिमाचल प्रदेश के शिमला में मतदान केंद्र नंबर 63/87 छोटा शिमला पर हिमाचल के मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मतदान किया। उन्होंने कहा, "भाजपा रिवाज बदल रही है। भाजपा भारी बहुमत से आएगी और दोबारा सरकार बनाएगी।"
प्रियंका गांधी की लोगों से सोच-समझकर वोट करने की अपील
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लोगों से सोच-समझकर वोट करने की अपील की है| उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि प्रिय हिमाचल वासियों, आप सब अपने व अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं| अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं व हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें|
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने डाला वोट
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 44 पर जाकर मतदान किया। उन्होंने कहा, "मेरा लोगों से अनुरोध है कि आप मतदान के लिए जरूर जाएं और प्राथमिकता के आधार पर जाएं। आप ज्यादा से ज्यादा वोट डालें।"
अगर एक अच्छी सरकार आएगी तो सबके लिए अच्छा होगा किया: महिला वोटर
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के लिए मतदान हो रहा है। एक स्थानीय महिला वोटर ने कहा, "सभी को इसे एक ज़िम्मेदारी समझनी चाहिए क्योंकि आज की पीढ़ी सोचती है कि वोटिंग क्यों करें। अगर एक अच्छी सरकार आएगी तो सबके लिए अच्छा होगा।
8:00 AM · Nov 12, 2022: हिमाचल प्रदेश में मतदान शुरू
हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हुआ।
हिमाचल के लोग आज मतदान को लेकर बहुत उत्साहित: प्रतिभा सिंह
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा, "हिमाचल के सभी लोग आज मतदान को लेकर बहुत उत्साहित हैं। वे सभी आज मतदान करेंगे और हिमाचल प्रदेश में नई सरकार बनाने में मदद करेंगे|
मुझे पूरा यकीन है कि इस बार लोगों का सरकार को दोबारा लाने का मन है:जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा, " आज मतदान है और मैं सभी मतदाताओं से ये कहना चाहता हूं कि आप मतदान करने जरूर जाइए ताकि हम लोकतंत्र को और मजबूती दे सकें। मुझे पूरा यकीन है कि इस बार लोगों का सरकार को दोबारा लाने का मन है और इसमें हम लोग जरूर सफल होंगे|