सूरत: मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुजरात के सूरत कोर्ट पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी के विधायक पूर्णेश मोदी द्वारा दायर किए गए आपराधिक मानहानि के मामले में बयान दर्ज करवाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सूरत में मजिस्ट्रेट की अदालत में पहुंचे हैं|वह 'मोदी उपनाम' को लेकर की गई टिप्पणी में विधायक द्वारा दायर आपराधिक मानहानि मामले में अंतिम बयान दर्ज कराने के लिए पेश हुए हैं।
सूरत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ए एन दवे ने एक हफ्ते पहले राहुल गांधी को निर्देश दिया था कि सूरत से भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी द्वारा दर्ज कराए गए अवमानना मामले में अंतिम बयान दर्ज कराने के लिए 24 जून को मौजूद रहें।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 'मोदी सरनेम' वाली टिप्पणी पर मानहानि के एक आपराधिक मामले में अपना बचाव करने के लिए सूरत कोर्ट पहुंचे| सूरत की कोर्ट में पेशी से पहले राहुल गांधी ने एक ट्वीट भी किया| राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा कि अस्तित्व का पूरा रहस्य यही है कि कोई डर ना हो|
आज यानी गुरुवार को शिकायतकर्ता और BJP विधायक पूर्णेश मोदी ने कहा,''2019 के लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि सभी चोरों का उपनाम मोदी क्यों है। हमने सूरत की अदालत में मानहानि का मुकदमा किया था। आज आगे के स्टेटमेंट का स्टेटस है इसलिए राहुल गांधी कोर्ट में उपस्थित रहने वाले हैं|
पूर्णेश मोदी ने अप्रैल 2019 में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी।सूरत पश्चिम सीट से विधायक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि 2019 में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यह कहकर पूरे मोदी समुदाय को बदनाम किया था कि 'सभी चोरों के नाम में मोदी क्यों लगा होता है?'
बता दें कि कर्नाटक के कोलार में 13 अप्रैल 2019 की एक चुनावी रैली में राहुल गांधी ने कथित तौर पर कहा था, 'नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेंद्र मोदी इन सभी के नाम में मोदी लगा हुआ है। सभी चोरों के नाम में मोदी क्यों लगा होता है।'जब उन्होंने यह टिप्पणी की थी तब वह कांग्रेस अध्यक्ष थे। इससे पहले अक्तूबर 2019 में राहुल गांधी अदालत में पेश हुए थे और उन्होंने खुद को निर्दोष बताया था। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावडा ने बताया कि राहुल गांधी गुरुवार को अपने खिलाफ लगे फर्जी अवमानना मामले में अदालत के समक्ष पेश हो सकते हैं। वह सुबह दस बजे पहुंचेंगे और दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना हो जाएंगे। वह केवल अदालती कार्यवाही में हिस्सा लेने आ रहे हैं।