कोलकाता: पश्चिम बंगाल का सियासी तापमान एक बार फिर बढ़ गया है| पश्चिम बंगाल के मंत्री फरहाद हाकिम और सुब्रत मुखर्जी को नारद स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े मामले में सोमवार को कोलकाता में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया| पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी कोलकाता में सीबीआई दफ़्तर पहुंचीं। ममता बनर्जी ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सीबीआई के अधिकारियों से कहा कि मुझे भी गिरफ्तार कर लीजिए।
एडवोकेट अनिंदो राउत ने कहा कि,''मैंने सीएम ममता बनर्जी को अधिकारियों से यह कहते सुना है कि ऐसा कोई नियम नहीं है कि स्पीकर और राज्य सरकार की अनुमति के बिना कोई भी राज्य के अधिकारियों को गिरफ्तार कर सकता है। ममता बनर्जी ने कहा कि यदि आप मेरे अधिकारियों को गिरफ्तार करते हैं तो आपको मुझे (ममता) गिरफ्तार करना होगा|
सीबीआई नारदा स्टिंग मामले में आरोपी फिरहाद हकीम को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। इसके अलावा बंगाल सरकार में मंत्री सुब्रत मुखर्जी और विधायक मदन मित्रा के घर पर भी छापा मारा और उन्हें सीबीआई दफ्तर पूछताछ के लिए बुलाया। इसके अलावा पूर्व मेयर सोवन चटर्जी पर भी कार्रवाई की गई है। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी, पूर्व मेयर सोवन चटर्जी की पत्नी रत्ना और सांसद शांतनु सेन भी सीबीआई कार्यालय पहुंचे।
बता दें कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीश धनखड़ ने फिरहाद हकीम के खिलाफ जांच के लिए सीबीआई के अधिकारियों को मंजूरी दे दी थी। इस मामले में नारदा की ओर से एक स्टिंग ऑपरेशन किया गया था, जिसमें टीएमसी के कई नेता कैमरे पर रिश्वत लेते हुए पकड़े गए थे।
सीबीआई के सूत्रों ने कहा कि इन चारों को नारदा स्टिंग मामले में पूछताछ के लिए दफ्तर लाया गया है। इस मामले के संबंध में इनसे सवाल-जवाब किया जाएगा। हालांकि सीबीआई ने गिरफ्तारी से इनकार करते हुए कहा कि इन चारों में से किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।